प्रधानपाठक के निधन पर अनुग्रह राशि का चेक प्रदान

जांजगीर-चांपा। शासकीय प्राथमिक शाला चोरहादेवरी के प्रधान पाठक भुवनलाल कश्यप के असामयिक निधन पर शिक्षा विभाग की ओर से उनके शोक संतप्त परिवार को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि का चेक प्रदान किया गया। बम्हनीडीह विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बसंत चतुर्वेदी के नेतृत्व में मनोज तिवारी, प्राचार्य रमेश मेहरा, शिव पटेल, डॉ उमेश दुबे, मोहनलाल यादव, विनोद कर्ष, शैक्षिक समन्वयक लखनलाल कश्यप, गुरु प्रसाद भतपरे, विश्वनाथ कश्यप, नवधा चंद्रा और उमेश तेंबूलकर ने भांठापारा स्थित कश्यप निवास पहुंचकर प्रधान पाठक की धर्मपत्नी श्रीमती संतोषी बाई एवं पुत्री नंदनी कश्यप को 50000 रूपये का चेक सौंपा। इस अवसर पर बीईओ बसंत चतुर्वेदी ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में शिक्षा विभाग पूरी तरह शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है और शासन के नियमानुसार मिलने वाले पेंशन, बीमा, अनुकंपा नियुक्ति आदि के प्रकरण भी शीघ्र पूरे कर लिए जाएंगे, साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधान पाठक भुवन कश्यप अपनी कर्तव्यपरायणता, मेहनत और लगन के कारण अपने शैक्षणिक दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन करते आए हैं, ऐसे शिक्षक की कमी हमेशा खलेगी और उनकी भरपाई करना मुश्किल है। इस मौके पर महेंद्र कौशिक, विनोद कौशिक, किशोर देवांगन, भूपेंद्र कश्यप, दिलेश्वर आजाद, धनेश कश्यप, ललित मनहर, जीवन प्रकाश कश्यप, प्रमोद कश्यप सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, परिजन व गणमान्य नागरिक मौजूद थे।




