मालखरौदा

वेदराम महाविद्यालय का अमरकंटक शैक्षणिक भ्रमण हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न

सक्ती। जिले के शासकीय वेदराम महाविद्यालय, मालखरौदा के कला (बी.ए.) एवं विज्ञान (बी.एस.सी.) संकाय के छात्र-छात्राओं का एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध तीर्थ एवं प्राकृतिक स्थल अमरकंटक के लिए अत्यंत आनंददायक, ज्ञानवर्धक एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. यू. एन. जायसवाल के संरक्षण तथा श्री राजकुमार कुर्रे (सहायक प्राध्यापक, भूगोल) एवं श्री रामरतन खूंटे (सहायक प्राध्यापक, कंप्यूटर एप्लिकेशन) के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित यह यात्रा पूरी तरह सुरक्षित बस द्वारा संपन्न होकर सकुशल मालखरौदा लौट आई।

प्रकृति, भूगोल और संस्कृति का प्रत्यक्ष अध्ययन

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विंध्य, सतपुड़ा और मैकल पर्वत श्रेणियों की गोद में बसे अमरकंटक की भौगोलिक संरचना, जैव विविधता और सांस्कृतिक विरासत का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। छात्र-छात्राओं ने नर्मदा उद्गम स्थल मंदिर, प्राचीन जैन मंदिर, माई की बगिया, सोनमुड़ा, ज्वालेश्वर धाम तथा ऊँचे पहाड़ों से घिरे कपिलधारा और दुग्धधारा जलप्रपातों का भ्रमण कर अपने शैक्षणिक नोट्स तैयार किए। विद्यार्थियों ने ग्लास व्यू पॉइंट से मैकल श्रेणी के विहंगम प्राकृतिक सौंदर्य को निहारा तथा प्राकृतिक जलस्रोतों में स्नान का आनंद भी लिया। संपूर्ण यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के नियमों का पूर्ण पालन करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक का परिचय दिया।

इकोटूरिज्म और पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पाठशाला

भ्रमण के शैक्षणिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए भूगोल के सहायक प्राध्यापक राजकुमार कुर्रे ने कहा कि अमरकंटक इकोटूरिज्म (पारिस्थितिकी पर्यटन) और भौगोलिक अध्ययन के लिए एक आदर्श स्थल है। यहाँ नर्मदा के उद्गम से लेकर मैकल की पहाड़ियों और सघन वनों तक प्रकृति ने अनुपम छटा बिखेरी है। ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से बाहर निकालकर प्रकृति से सीधा संवाद कराते हैं, जिससे उनमें पर्यावरण और नदी संरक्षण के प्रति गहरी संवेदनशीलता विकसित होती है। प्राचार्य डॉ. यू. एन. जायसवाल ने सफल आयोजन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और व्यावहारिक ज्ञान में वृद्धि के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

इस शैक्षणिक भ्रमण को सफल बनाने में महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा, जिनमें प्रमुख रूप से श्री राजकुमार कुर्रे (सहायक प्राध्यापक, भूगोल), श्री रामरतन खूंटे (सहायक प्राध्यापक, कंप्यूटर एप्लिकेशन), डॉ. कौशिल्या मैत्री (सहायक प्राध्यापक, रसायन), श्री वसुरमन घृतलहरे (अतिथि सहायक प्राध्यापक, वनस्पति शास्त्र), श्री नरेश राठौर (अतिथि सहायक प्राध्यापक, भौतिकी), सुश्री ज्योति नेताम (अतिथि प्राध्यापक, जंतुविज्ञान), श्री अनिल चंद्रा (लैब तकनीशियन), श्री धनेश महंत (कंप्यूटर ऑपरेटर), श्री धनेश भारती, श्री उदय बर्मन (लैब तकनीशियन), श्री महेंद्र बर्मन एवं श्री परमानंद सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker