
रायपुर। प्रदेश में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। जनवरी के तीसरे सप्ताह में ही गर्मी के संकेत मिलने लगे हैं। दिन में तेज धूप निकलने से अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री तक ऊपर पहुंच गया है, वहीं रात की ठंड भी कमजोर पड़ रही है और न्यूनतम तापमान में लगातार 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री रहा। सुबह और शाम के समय हल्की ठंड जरूर महसूस हुई, लेकिन दिन चढ़ते ही धूप ने असर दिखाया।
फिलहाल बारिश के आसार नहीं
प्रदेश में किसी भी तरह के सक्रिय मौसम तंत्र नहीं हैं। अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। न तो बारिश की चेतावनी है और न ही किसी तरह का अलर्ट जारी किया गया है। कुल मिलाकर संकेत साफ हैं, जनवरी में ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। दिन में तेज धूप लोगों को चुभने लगी है और रात की ठंड धीरे-धीरे विदा ले रही है। मौसम के इस बदले मिजाज से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है, ऐसे में सुबह-शाम सतर्कता जरूरी है।



