डोमाडीह तालाब में मिला ग्रामीण का शव प्रशिक्षु एसआई निलंबित

सक्ती। जिले के हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम डोमाडीह में जुआ पकड़ने की कार्रवाई के दौरान तालाब में कूदे ग्रामीण की तीन दिन बाद शव मिलने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। 25 नवंबर की सुबह तालाब से महेश केंवट उम्र 38 साल का शव बरामद होने के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बिर्रा-हसौद मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया जिससे आवागमन बाधित रहा। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार 22 नवंबर की रात प्रशिक्षु उप निरीक्षक जयराम साहू हसौद थाना प्रभारी के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त करने के दौरान गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें ग्राम डोमाडीह स्थित तालाब के पास जुआ खेले जाने की सूचना मिली। बताया गया कि सूचना मिलने पर उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दिए बिना अकेले ही जुआ रेड करने का निर्णय लिया और मौके पर पहुंच गए। पुलिस वाहन और पुलिसकर्मियों को आते देख वहां मौजूद लोग भागने लगे। इसी दौरान ग्राम डोमाडीह निवासी महेश केंवट तालाब में कूद गया। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। पति के घर नहीं लौटने पर उसकी पत्नी ने 23 नवंबर को हसौद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रिपोर्ट के अनुसार महेश 22 नवंबर की रात करीब 9 बजे पड़ोस में एक व्यक्ति के निधन पर शोक जताने जाने की बात कहकर घर से निकला था। अगले दिन सुबह 7 बजे तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने गांव और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद पत्नी ने थाने पहुंचकर पति की गुमशुदगी की सूचना दी। लगातार तलाश के बीच 25 नवंबर की सुबह उसी तालाब से महेश का शव बरामद हुआ। तालाब में कूदे युवक का शव बुधवार सुबह 6 बजे तालाब में तैरता मिला। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने बिर्रा-हसौद मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
प्रदर्शन में जैजैपुर विधायक सहित कई कांग्रेस नेता भी ग्रामीणों और परिजनों के साथ शामिल हुए। चक्काजाम की सूचना मिलने पर कई थानों की पुलिस टीम और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घंटों तक परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान सक्ती एसडीएम कावेरी मरकाम, सक्ती एसडीओपी भुनेश्वरी पैकरा, प्रभारी डभरा एसडीओपी डीआर टंडन, हसौद तहसीलदार गरिमा मनहर और जैजैपुर तहसीलदार विद्याभूषण साव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान मृतक के परिवार को मुख्यमंत्री सहायता कोष से तत्कालिक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, उसके बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने और पत्नी की शैक्षणिक योग्यता के अनुसार सरकारी नौकरी में प्राथमिकता देने आश्वासन दिया गया। तब कहीं जाकर शाम करीब 5 बजे ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया, जिसके बाद मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



