सक्ती

धान खरीदी की प्रारंभिक तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने ली समीक्षा बैठक

सक्ती। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की प्रारंभिक तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती जयश्री जैन की अध्यक्षता में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एग्रीस्टेक पंजीयन, किसानों के पंजीकृत रकबे तथा धान खरीदी की प्रारंभिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में कलेक्टर श्रीमती जैन ने एग्रीस्टेक पंजीयन के अंतर्गत ऐसे किसानों की स्थिति की समीक्षा की, जिनके पंजीकृत रकबे और वास्तविक रकबे में अंतर दिख रहा हो। उन्होंने संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटरों को निर्देशित किया कि रकबे में अंतर वाले किसानों की सूची तैयार कर संबंधित समिति कार्यालय, ग्राम पंचायत एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक में चस्पा किए जाने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को इसकी जानकारी मिल सके और वे समय पर अपने रकबे का मिलान करा सकें।

कलेक्टर ने किसानों से अपील की है कि उनके पंजीकृत रकबे और वास्तविक रकबे में किसी भी प्रकार का अंतर या समस्या पाए जाने पर संबंधित समिति को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। इससे निर्धारित समय-सीमा में रकबा मिलान की प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी तथा धान खरीदी के दौरान होने वाली संभावित समस्याओं से बचा जा सकेगा।

उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवों एवं कोटवारों के माध्यम से गांवों में मुनादी कराने के निर्देश भी दिए, ताकि संबंधित किसानों तक सूचना पहुंचाई जा सके। इसके साथ ही अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को किसानों से डोर टू डोर संपर्क कर रकबे से संबंधित समस्याओं की जानकारी लेने, वास्तविक रकबे की सही प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा किसानों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने के लिए सहयोग लेने की बात कही।

कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी से पहले किसानों के रकबे से संबंधित सभी समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में शासन के निर्देशानुसार व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से धान खरीदी की जा सके। बैठक में धान खरीदी के लिए आवश्यक प्रारंभिक व्यवस्थाओं की भी विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर धान खरीदी कार्य से जुड़े खाद्य विभाग, सहकारिता विभाग, कृषि विभाग सहित समिति प्रबंधक, कंप्यूटर ऑपरेटर व अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker