वेदराम महाविद्यालय में राजेश कुमार अजगल्ले को एल्यूमिनी संघ का अध्यक्ष चुना गया

सक्ती। शासकीय वेदराम महाविद्यालय मालखरौदा में एल्यूमिनी संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में महाविद्यालय के समग्र विकास, शैक्षणिक उत्कृष्टता तथा पूर्व छात्रों को संगठन से जोड़ने जैसे अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में सर्वसम्मति से श्री राजेश कुमार अजगल्ले को एल्यूमिनी संघ का नया अध्यक्ष चुना गया। नए अध्यक्ष श्री अजगल्ले ने अपने संबोधन में कहा कि वे महाविद्यालय के उत्तरोत्तर विकास के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने अपनी सक्रिय सहभागिता और निरंतर सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि पूर्व छात्रों को संगठित कर महाविद्यालय को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमानन्दिनी जायसवाल ने कार्यक्रम को मार्गदर्शन प्रदान करते हुए कहा, एल्यूमिनी संघ में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। पूर्व छात्रों का सक्रिय योगदान महाविद्यालय को नया आयाम प्रदान करता है। उन्होंने संघ को मजबूत बनाने और महाविद्यालय के विकास में निरंतर सहयोग करने का आह्वान किया। बैठक में नए विद्यार्थियों को, जो महाविद्यालय से शिक्षा प्राप्त कर बाहर जा चुके हैं, एल्यूमिनी संघ से जोड़ने के लिए ठोस प्रयास करने पर सहमति बनी। विभिन्न विकास कार्यों जैसे बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण, शैक्षणिक गुणवत्ता वृद्धि तथा छात्र कल्याण योजनाओं पर भी सार्थक चर्चा हुई।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्री एल.आर. कोसरिया, सहायक प्राध्यापक (अंग्रेजी) एवं एल्यूमिनी संघ प्रभारी द्वारा किया गया। बैठक में उपस्थित प्रमुख एल्यूमिनी सदस्यों में श्री राजेश कुमार अजगल्ले, श्री भूषण बंजारे, जीवेंद्र भारती, सुश्री सुशीला रात्रे, श्रीमती नीतू महिलांगे, बजरंग भारती, श्री कमलेश मिरी, श्री अनिल चंद्रा सहित महाविद्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। यह बैठक महाविद्यालय के इतिहास में एक सकारात्मक कदम साबित होगी, जो पूर्व छात्रों को उनके अल्मा मेटर से जोड़ने और संस्था के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की दिशा में प्रेरणादायक होगी।




