जैजैपुर

न्योता भोज में गुपचुप पार्टी, बच्चों के चेहरे पर खिली मुस्कान

जैजैपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिवस एवं सेवा संकल्प अभियान के अवसर पर शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय झालरौंदा में अनूठे अंदाज में न्योता भोज का आयोजन किया गया। विद्यालय के मार्गदर्शक एवं सहयोगी रमेश चन्द्रा द्वारा बच्चों, शिक्षकों एवं पालकों के लिए विशेष गुपचुप पार्टी कराई गई। इस दौरान जितना चाहो, उतना खाओ का विशेष ऑफर रखा गया, जिसका सभी ने उत्साहपूर्वक आनंद लिये।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि बच्चों द्वारा स्वयं गुपचुप के स्टॉल लगाए गए और वे ही सभी को गुपचुप परोसते एवं बाँटते नजर आए। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों में सहयोग, संवाद, जिम्मेदारी और नेतृत्व की भावना के साथ एक अलग प्रकार का आत्मविश्वास विकसित होता हुआ दिखाई दिया। बच्चों ने इस पूरी गतिविधि को खेल-खेल में करते हुए खूब आनंद लिया। गुपचुप पार्टी के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा। बच्चों ने अपनी पसंद के अनुसार गुपचुप का भरपूर आनंद लिया और शिक्षकों एवं पालकों के साथ खुशी के पल साझा किए।

रमेश चन्द्रा द्वारा प्रतिवर्ष विद्यालय में न्योता भोज कराया जाता है। उनका यह प्रयास बच्चों के साथ आत्मीय जुड़ाव बढ़ाने के साथ विद्यालय विकास में सामुदायिक सहभागिता को भी मजबूत करता है। विद्यालय परिवार ने उनकी इस पहल को सराहनीय एवं अनुकरणीय बताया। कार्यक्रम में ग्राम की सरपंच सुमन आदिले, भूतपूर्व सरपंच फिरत राम चौहान, SMC अध्यक्ष तस्वीर आदिले, तरुण चन्द्रा, पालकगण एवं विद्यालय के शिक्षकों का सहयोग प्राप्त हुआ। ऐसे आयोजन बच्चों को खुशी देने के साथ उनके आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक सहभागिता को विकसित करने का अवसर भी प्रदान करते हैं। यह गुपचुप पार्टी बच्चों के लिए आनंद के साथ सीखने का भी एक यादगार अनुभव बन गई।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker