छत्तीसगढ़

कोटा में 56 मिमी और बिलासपुर में टिप-टिप बरस रहा पानी

रिमझिम वर्षा की वजह से दिनभर मौसम सुहावना बना रहा। खेतों में भी इस वर्षा से फसलों को फायदा पहुंचने की उम्मीद है, जिससे किसानों के चेहरे पर खुशी की लहर दौड़ गई।

बेलगहना में 45 व रतनपुर में 38 मिमी वर्षा दर्ज

शहर में तापमान अभी सामान्य से 2.3 डिग्री कम

तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम में ठंडक

बिलासपुर। न्यायधानी में बुधवार को हुई रिमझिम वर्षा ने शहर को गर्मी से राहत दी। मंगल की रात को जिले के कई हिस्सों में झमाझम पानी गिरा, जिससे तापमान में गिरावट आई है। सबसे ज्यादा वर्षा कोटा ब्लाक में 56 मिलीमीटर दर्ज की गई। बेलगहना और रतनपुर में भी अच्छी वर्षा हुई। बिलासपुर में चार मिमी बूंदाबांदी से मौसम सुहावना बना रहा। बूंदाबांदी से फसलों को भी फायदा पहुंचा और किसानों के चेहरे खिल उठे। जिले में कोटा ब्लाक के बाद बेलगहना में 45.3 मिमी और रतनपुर में 38.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। शहर में बूंदाबांदी से काम चला, जहां केवल चार मिलीमीटर पानी ही गिरा। हालांकि, इससे भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम में ठंडक आई। दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री कम रहा। जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

बता दें कि मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर गंगानगर, हिस्सार, देहली, हरदोई, देहरी, पुरूलिया और उसके बाद पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण गंगेटिक पश्चिम बंगाल और उसके आसपास 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। जिसके प्रभाव से कल भी वर्षा की संभावना बनी रहेगी।

खुशनुमा है अभी मौसम

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी वर्षा की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में और गिरावट की उम्मीद है। शहर के नागरिकों ने इस वर्षा का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में भी ऐसी ही मौसम की स्थिति बनी रहेगी।

वर्षा की गतिविधियों में आएगी तेजी

मौसम विज्ञानियों का मानना है कि प्रदेश में एक अगस्त को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने तथा भारी वर्षा होने की संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः दक्षिण मध्य छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। एक अगस्त से तीन अगस्त तक वर्षा की गतिविधि प्रबल रहने की संभावना है।

प्रमुख शहरों का तापमान

शहर अधिकतम न्यूनतम

बिलासपुर 28.8 26.0

पेंड्रारोड 29.0 23.8

अंबिकापुर 27.2 23.6

माना 28.8 26.2

जगदलपुर 29.2 23.5

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker