तेरहवीं पर बच्चों को कराया न्योता भोजन, पूर्व प्रधानपाठक को दी अनोखी श्रद्धांजलि

जांजगीर-चांपा। सेवानिवृत्त प्रधानपाठक स्व. मुन्ना लाल डड़सेना की तेरहवीं के अवसर पर उनके सुपुत्र टुकेश्वर डड़सेना द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए शासकीय प्राथमिक शाला एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय सिलादेही में न्योता भोजन का आयोजन किया गया। 10 अप्रैल 2026 को आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को स्नेहपूर्वक भोजन परोसा गया। भोजन में खीर, पूरी, केला, गुलाब जामुन, चावल, दाल, पनीर तथा आलू-परवल की सब्जी शामिल रही। बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ भोजन ग्रहण किया। इस अवसर पर टुकेश्वर डड़सेना ने अपने पिता की स्मृति में यह आयोजन कर समाज को एक सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया। ग्रामीणों एवं उपस्थित जनों ने इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना की और इसे एक प्रेरणादायक कदम बताया। कार्यक्रम में संस्था प्रमुख लक्ष्मी प्रसाद देवांगन, फिरत राम निषाद, मुकुंद कश्यप, रितेश कश्यप, प्रधानपाठक प्रीतम प्रसाद खुंटे, सुरेश चंद, रामेश्वर पटेल, रामकृष्ण डड़सेना, राजन कर्ष, श्री पटेल सहित महिला समूह की सदस्याएं भी उपस्थित रहीं।




