मार्च में मई वाली तपिश, आज 38 डिग्री जा सकता है टेम्प्रेचर

रायपुर। प्रदेश में फिलहाल मौसम पूरी तरह ड्राई बना हुआ है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी का दौर शुरू हो गया है और अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रायपुर में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।
दक्षिण छत्तीसगढ़ से गुजर रही द्रोणिका
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर ओडिशा से विदर्भ तक, दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर से लगभग 0.9 किमी ऊंचाई पर एक द्रोणिका (ट्रफ) बनी हुई है। हालांकि इस सिस्टम का कोई खास असर नहीं दिख रहा है और मौसम शुष्क ही बना रहेगा।
रायपुर में मौसम साफ
रायपुर शहर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
अगले दो दिन भी राहत नहीं
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक भी प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है। आने वाले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे करीब 2 डिग्री तक बढ़ोतरी होगी, इसके बाद अगले चार दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है।




