छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में ठंड ने पसारे पांव, कई जिलों में शीत लहर की चेतावनी

रायपुर। उत्तर भारत में बढ़ती ठंड का असर अब छत्तीसगढ़ में भी साफ दिखने लगा है। मौसम विभाग ने 14 से 15 नवंबर के बीच प्रदेश के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, दुर्ग, कोरबा, कोरिया, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के एक-दो इलाकों में शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं रायपुर में दिन और रात के तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 29.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है। जबकि न्यूनतम 13.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.5 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। सुबह और शाम की हवाओं ने शहरवासियों को ठंड का अहसास पहले ही दिन करा दिया।

रायपुर में और गिरेगा पारा

छत्तीसगढ़ के सभी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। रायपुर के लिए स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार 15 नवंबर को आसमान साफ रहेगा। जबकि अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री और न्यूनतम लगभग 13 डिग्री रहने की संभावना है।

अंबिकापुर सबसे ठंडा

छत्तीसगढ़ के अन्य शहरों में भी पारा तेजी से लुढ़क रहा है। अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री रहा। यह प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। दुर्ग में न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.2 डिग्री कम रहा। पेंड्रारोड में पारा 10.6, बिलासपुर में 14.0 और जगदलपुर में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शीत लहर की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। लेकिन उसके बाद तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़त देखी जा सकती है। हालांकि उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक शीत लहर की स्थिति बनी रह सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker