जांजगीर-चांपा
बेमौसम बारिश से धान की फसल जमीन पर बिछी

जांजगीर-चांपा। जिले में पिछले दो दिनों से हो रही तेज हवा और मूसलाधार बारिश से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। अर्नब चक्रवात के असर के चलते खेतों में खड़ी धान की फसल पूरी तरह गिर गई है, जिससे किसान चिंतित हैं। बिर्रा क्षेत्र सहित सोनादह गांव में धान की फसल पकने की कगार पर थी। लेकिन तेज हवाओं के कारण फसल जमीन पर बिछ गई है। खेतों में पानी भरने से फसल सड़ने का खतरा भी बढ़ गया है। सोनादह के किसान मोहन लाल खुंटे का कहना है कि इस साल अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन इस बेमौसम चक्रवाती बारिश ने सारी मेहनत पर पानी फेर दिया है। अब फसल खराब होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।



