
तहसीलदार के लिखित आश्वाशन के बाद आठवें दिन समाप्त हुआ भूख हड़ताल।
जैजैपुर। ग्राम पंचायत पिसौद (बरकेल खुर्द) निवासी रामकिशन घृतलहरे के द्वारा जनहित से जुड़े विभिन्न मांगों को लेकर पिछले आठ दिनों से जनपद पंचायत जैजैपुर के सामने चल रही शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल बुधवार को समाप्त हो गई। जनप्रतिनिधियों के पहल पर तहसीलदार द्वारा मांगों पर कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलनकारियों ने अनशन समाप्त करने का निर्णय लिया।
आंदोलनकारियों द्वारा भ्रष्टाचार, अनियमितता एवं प्रशासनिक निष्क्रियता के विरोध में अपनी 7 सूत्रीय मांगों को लेकर 12 अगस्त से भूख हड़ताल शुरू की गई थी। आंदोलन के आठवें दिन प्रशासन की ओर से तहसीलदार ने मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया।
इस दौरान जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि परदेशी खुंटे एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य रमेश चंद्रा, अभिषेक स्वर्णकार ने पहल करते हुए आंदोलनकारियों से चर्चा की और प्रशासन द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन के बाद भूख हड़ताल समाप्त कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पिछले आठ दिनों से अनशन पर बैठे रामकिशन घृतलहरे को जूस पिलाकर अनशन समाप्त कराया।
परदेशी खुंटे ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में पारदर्शिता, जवाबदेही और न्याय सुनिश्चित होना आवश्यक है। ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए। प्रशासन द्वारा दिए गए लिखित आश्वासन के अनुरूप यदि समय-सीमा में कार्रवाई होती है, तो इससे ग्रामीणों का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत होगा।
भूख हड़ताल समाप्त होने के अवसर पर आंदोलनकारियों एवं ग्रामीणों ने प्रशासन के लिखित आश्वासन का स्वागत किया और मांगों पर शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद जताई।




