बिलासपुर में आज से तपेगा नौतपा, आग सी लगेगी गर्मी, आमजन को बरतनी होगी सावधानी, हीटवेव और लू चलने की आशंका

दिन में सुकून है न रात में चैन। सूर्य की तेज किरणें मानों चमड़ी को जला रही है। दिन में घर से निकलना मुश्किल है। आसमान में बादलों का एक हल्का लेयर बना हुआ है, जिसके कारण सूर्य की किरणें कम आग उगल रही है। लेकिन उमस ने समस्या और बढ़ा दी है।
आज हल्की बूंदाबांदी का अनुमान
रात में भी बढ़ेगा पारा
नौतपा में खूब पानी पीएं, सेहत का रखें ख्याल
बिलासपुर। नौतपा 25 मई यानी शनिवार से प्रारंभ होगा। दो जून तक प्रचंड गर्मी पड़ेगी। दिन और रात के तापमान में वृद्धि दर्ज होगी। पारा अपनी चरम पर पहुंच सकता है। हीटवेव व लू चलने की आशंका है। आमजन को धूप से बचने विशेष सावधानी बरतनी होगी। एकदम जरूरी होने पर ही दिन में घर से निकलना उचित होगा।
शनिवार से सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश कर रहा है, जिसके साथ ही नौतपा का आगाज होगा। इस दौरान गर्मी प्रचंड रहेगी और पारा और चढ़ेगा। ज्योतिष शास्त्री पंडित वासुदेव शर्मा ने बताया कि 25 मई से नौतपा शुरू हो रहा है। सुबह 3:17 से सूर्य रोहिणी नक्षत्र में आएगा। नौ दिन तक सूर्य की तेज तपिश रहती है। इस बार दो जून तक नौतपा रहेगा। इधर शुक्रवार को न्यायधानी में उमस भरी गर्मी ने आम जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।
दिन में सुकून है न रात में चैन। सूर्य की तेज किरणें मानों चमड़ी को जला रही है। दिन में घर से निकलना मुश्किल है। आसमान में बादलों का एक हल्का लेयर बना हुआ है, जिसके कारण सूर्य की किरणें कम आग उगल रही है। लेकिन उमस ने समस्या और बढ़ा दी है।
मौसम वेधशाला रायपुर के विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा के मुताबिक दक्षिण पश्चिम मानसून मालदीव के कुछ भाग और कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान और निकोबार द्वीप, अंडमान सागर, और पूर्व मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ भाग तक शुक्रवार को पहुंच गया। मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थिति बनी हई है। एक अवदाब मध्य बंगाल की खाड़ी में खेपूपारा से 730 किमी दक्षिण दक्षिण पश्चिम में, कनिं से 750 किमी दक्षिण में स्थित है।
इसके लगातार उत्तर पूर्व में आगे बढ़ते हुए प्रबल होकर चक्रवात के रूप में 25 मई की रात्रि में बनने की संभावना है। इसके पुनः प्रबल होते हुए प्रबल चक्रवात में परिवर्तित होने की संभावना है। यह 26 मई को अर्ध रात्रि में पश्चिम बंगाल तट और बांग्लादेश तट के पास सागर द्वीप और खेपूपारा के पास पहुंच सकता है। शहर में इसका कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा, लेकिन आसमान में उथल-पुथल देखने को मिल सकता है। फिलहाल शहर में लोग गर्मी और उमस से परेशान हैं।
आज हल्की बूंदाबांदी का अनुमान
मौसम विभाग की मानें तो एक द्रोणिका दक्षिण पश्चिम राजस्थान से छत्तीसगढ तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर पूर्व मध्य प्रदेश के ऊपर 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। 25 मई को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने या गरज-चमक के छींटे पड़ने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज-चमक के अंधड़ चलने तथा वज्रपात का अनुमान है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। बिलासपुर में मामूली वृद्धि हो सकती है।
रात में भी बढ़ेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। हीट वेव और लू भी चलेगी। न्यायधानी में फिलहाल आसमान में हल्के बादल हैं लेकिन जल्द ही यह साफ और शुष्क रहेगा। जिले में लगभग दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी होगी। रात का पारा भी बढ़ेगा। उमस भी बढ़ती जाएगी। इस दौरान सभी को खास ध्यान रखने की एडवाइजरी जारी की गई है।
नौतपा में खूब पानी पीएं, सेहत का रखें ख्याल
डिहाइड्रेशन से बचाव के लिए पानी पीएं। घर में बनी लस्सी, आमरस, निंबू पानी ज्यादा पीएं। सुबह 11 बजे के बाद जरूरी ही तभी घर से निकलें। शरीर को ढंककर रखें, छतरी रखें। टोपी, फेस को ढंककर रखें। वायरल इनफेक्शन से बचाव के लिए एसी में एकदम न जाएं या गर्मी से एसी में एकदम न जाएं। अगर लू लग जाती है तो शरीर को पहले थोड़ा सामान्य करें, उसके बाद सामान्य पानी से नहा लें और खूब पानी पिएं। सूती, ढीले और आरामदायक कपड़े ही पहनें। छाछ, ओआरएस का घोल भी पीते रहें। लस्सी, नींबू, आम पन्ना भी पी सकते हैं। बाहर का बना हुआ खाना और तेल मसाले का कम से कम सेवन करें।
सूर्य की किरणें सीधे पृथ्वी पर
मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान के अनुसार 25 मई से दो जून के बीच सूर्य की किरणें सीधे पृथ्वी पर पड़ती हैं। इस दौरान तापमान सबसे ज्यादा होता है। नौतपा में गर्मी बढ़ने से एक फायदा यह होता है कि इससे मानसून अच्छा होता है। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों को इस समय घर से बाहर जाने से बचना चाहिए। घर की खिड़कियों को और खुली जगहों को पर्दे लगाकर रखें और हल्का खाना खाएं।