
रायपुर। बस्तर संभाग के जिलों में भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक आज बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा में रेड अलर्ट वहीं कांकेर, नारायणपुर, कोंडागांव और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में ऑरेंज अलर्ट है। प्रदेश के बाकी सभी जिलों में बिजली गिरने, बादल गरजने को लेकर अलर्ट है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 दिन यही स्थिति रहेगी। मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में दुर्ग संभाग के जिलों में सबसे ज्यादा बारिश हुई। इस दौरान सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। शंकर नगर सहित कई इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए।।
बारिश के नए सिस्टम से गिरेगा पानी
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक विदर्भ और उसके आसपास लो प्रेशर एरिया बना हुआ है। वहीं उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट पर बारिश के नए सिस्टम के असर से बस्तर संभाग के जिलों में अगले 2 दिन भारी बारिश हो सकती है।



