गर्मी से सब व्याकुल, पारा गिरा पर उमस ने किया बेहाल, अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस

मौसम वेधशाना के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के अनुसार, आने वाले दिनों में वर्षा की संभावना है। इससे शायद गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिले। प्रदेश में 14 जून को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज
शाम को काले बादल मंडराए, मगर बरसे नहीं
बिलासपुर। न्यायधानी में प्रचंड गर्मी थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक दिन पहले तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो 24 घंटों में गिरकर 41 डिग्री पर आ गया। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन गर्मी में कोई कमी नहीं आई है। भीषण गर्मी और तपती गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान कर रखा है।
गुरुवार को भीषण गर्मी का अहसास हुआ। तेज गर्म हवाओं के साथ लू जैसी स्थिति रही। दरसल एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण मध्य बिहार के ऊपर 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। जिसके प्रभाव से अभी गर्मी का असर बना हुआ है।
इधर मानसून दक्षिण छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। माना जा रहा है कि यह एक दो दिनों में अपना असर दिखाएगा। मौसम विशेषज्ञों ने 17 जून के बाद बंपर वर्षा की उम्मीद भी कर रहे हैं। दिनभर गर्मी से लोग फिलहाल परेशान है। प्रथम पखवाड़े में अब तक दो बार जोरदार वर्षा हो चुकी है फिर भी गर्मी से राहत नहीं मिली है।
मानसून की आस
गर्मी के इस प्रचंड दौर के बीच मानसून के करीब होने की खबर से कुछ राहत की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञ अब्दुल सिराज खान के अनुसार, 17 जून के बाद तेज वर्षा की संभावना है। बता दें कि आठ जून को शहर में 32 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी, और एक दिन पहले भी 16 मिलीमीटर पानी गिरा था। हालांकि, इन बारिशों ने गर्मी कम करने के बजाय उमस बढ़ा दिया है।
उमस का प्रकोप
वर्षा के बावजूद उमस की स्थिति ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। भीषण गर्मी और उमस के बीच जनता व्याकुल हो चुकी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और घर के अंदर रहने की सलाह दी है। सेहत पर इसका बुरा असर पड़ रहा है।
आगे का मौसम
मौसम वेधशाना के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के अनुसार, आने वाले दिनों में वर्षा की संभावना है। इससे शायद गर्मी और उमस से थोड़ी राहत मिले। प्रदेश में 14 जून को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक दो स्थानों में गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।