सक्ती

मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना 2026-27 अंतर्गत कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु आवेदन आमंत्रित

सक्ती। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना (पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना) अंतर्गत वर्ष 2026-27 में कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु ऐसे छात्र-छात्राएं, जो छत्तीसगढ़ के मूल निवासी हों एवं अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित हों, आवेदन कर सकते हैं। आवेदक छात्र-छात्राएं कक्षा 5वीं में छत्तीसगढ़ में संचालित किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में नियमित अध्ययनरत (सत्र 2025-26) हों तथा कक्षा 4थी की परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक अथवा समकक्ष ग्रेड प्राप्त किए हों। योजना अंतर्गत पालक की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। निर्धारित प्रपत्र में पालक का स्वघोषणा पत्र अनिवार्य रहेगा। ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत अथवा नगर पंचायत क्षेत्र के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी 20 जून 2026 तक अपने विद्यालय में निर्धारित आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ पालकों की सहमति, आयकर दाता न होने का प्रमाण पत्र, संस्था से ग्रामीण क्षेत्र में होने का प्रमाण, जाति प्रमाण पत्र तथा कक्षा 4थी एवं 5वीं की अंकसूची की छायाप्रति संलग्न करना आवश्यक होगा। विद्यार्थी जिस जिले का मूल निवासी होगा, उसी जिले में आवेदन करने के लिए पात्र होगा। मूल निवास जिले से भिन्न जिले में किया गया आवेदन मान्य नहीं होगा।

26 जुलाई को होगी लिखित परीक्षा

आदिवासी विकास विभाग जिला सक्ती से प्राप्त जानकारी अनुसार विद्यार्थियों द्वारा आवेदन पत्र विद्यालय में 20 जून 2026 तक जमा किए जाएंगे। विद्यालय प्रमुख द्वारा आवेदन पत्रों का परीक्षण कर 27 जून 2026 तक संबंधित विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में जमा किया जाएगा। विकासखंड शिक्षा अधिकारी द्वारा प्राप्त आवेदनों की सूची तैयार कर 30 जून 2026 तक सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास जांजगीर-चांपा कार्यालय में प्रस्तुत की जाएगी। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट  www.tribal.cg.gov.in  पर उपलब्ध है। चयन हेतु 26 जुलाई 2026, दिन रविवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker