बिर्रा में निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा

जांजगीर-चांपा। भगवान जगन्नाथ की पावन रथयात्रा को लेकर ग्राम बिर्रा में उत्साह का माहौल है। गुरुवार को दोपहर 2 बजे भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को ऐतिहासिक एवं भव्य स्वरूप देने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
रथयात्रा की तैयारियों को लेकर सरपंच पीलीबाई एकादशिया साहू की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन को श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन के साथ संपन्न कराने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में तय किया गया कि रथयात्रा को पारंपरिक संस्कृति एवं धार्मिक गरिमा के अनुरूप भव्य रूप से निकाला जाएगा।
भगवताचार्य गीता प्रसाद तिवारी ने बताया कि रथयात्रा में इस वर्ष विशेष रूप से कीर्तन मंडलियों को शामिल किया गया है, जिससे पूरे नगर में भक्तिमय वातावरण का संचार होगा। उन्होंने बताया कि बसना की प्रसिद्ध कीर्तन मंडली इस बार रथयात्रा का प्रमुख आकर्षण रहेगी, जो अपने मधुर भजन एवं संकीर्तन से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेगी।
रथयात्रा गुरुवार को दोपहर 2 बजे कहार मोहल्ला से प्रारंभ होकर साहू मोहल्ला, घनवा सागर, दीवान मोहल्ला, पटेल मोहल्ला, संजय नगर, बस स्टैंड एवं भाटापारा क्षेत्र का भ्रमण करेगी। इसके पश्चात पुनः कहार मोहल्ला पहुंचकर रथयात्रा का समापन होगा। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।




