सेमरिया की भागवत कथा में पहुंचे विधायक बालेश्वर साहू, व्यासपीठ से लिया आशीर्वाद

जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम सेमरिया में आयोजित संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा इन दिनों भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बनी हुई है। कथा के दौरान जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू ने पहुंचकर व्यासपीठ पर विराजमान कथा वाचक आचार्य पं. दीपक कृष्ण महाराज के दर्शन किए तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। विधायक ने व्यासपीठ की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। कथा के दौरान आचार्य पं. दीपक कृष्ण महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण एवं माता रुक्मिणी के पावन विवाह प्रसंग का मार्मिक एवं ओजस्वी वर्णन किया। रुक्मिणी विवाह की कथा सुनकर श्रद्धालु भक्ति भाव में डूब गए। महाराज श्री ने कहा कि भगवान के प्रति अटूट विश्वास, समर्पण और निष्काम भक्ति ही जीवन को सफल बनाती है। कथा के साथ प्रस्तुत संगीतमय भजनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा पंडाल श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा।
विधायक बालेश्वर साहू ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को संस्कार, सदाचार और मानवता का संदेश देने वाला आध्यात्मिक महायज्ञ है। कथा श्रवण से व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है और समाज में नैतिक मूल्यों का विकास होता है। इस अवसर पर मुख्य यजमान श्रीमती कृष्णों देवी–महेत्तरू राम एवं श्रीमती रुक्मिणी देवी–शनिकुमार सहित सरपंच रामस्वरूप, निखिल राठौर, रामा साहू, बेदराम, माखन कश्यप, गणेशराम, प्रिंस साहू, संतोष, देवनारायण, बुंदराम, रोहित, जीवन साहू, संजू साहू, रितेश्वर देवांगन, नंदू साहू, उमेश साहू, नंदकिशोर साहू, मनीष साहू, संतकुमार, श्याम कुमार, रामकुमार, पदुमलाल, लोचन, जगमोहन, राहुल साहू, खगेश साहू, जतिन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही। कथा स्थल पर प्रतिदिन उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ इस बात का प्रमाण है कि धर्म और संस्कृति के प्रति लोगों की आस्था आज भी अटूट है। भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर इस आयोजन ने पूरे क्षेत्र को कृष्णमय बना दिया है।

