छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ा मानसून, अगले 4-5 दिनों में होगी झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हो चुकी हैं। अगले 4-5 दिनों के भीतर मानसून के छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों में सक्रिय रूप से प्रवेश करने की संभावना है। वर्तमान में एक चक्रवाती पररसंचरण उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश और दूसरा झारखंड के आसपास समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर बना हुआ है। इसके साथ ही, झारखंड के चक्रवाती तंत्र से लेकर छत्तीसगढ़ होते हुए तेलंगाना तक एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) गुजर रही है, जिसके प्रभाव से राज्य के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई है। वर्षा के मुख्य आंकड़ों के अनुसार सक्ती जिले के चंद्रपुर में 2 सेंटीमीटर, जबकि गरियाबंद के देवभोग, बस्तर और जांजगीर के नवागढ़ में 1-1 सेमी बारिश हुई है। तापमान की बात करें तो प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बिलासपुर में 41.6°सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 23.2°सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इसके साथ ही एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात (बिजली गिरने) की आशंका है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ या हवाएं चलने की प्रबल संभावना है। दो दिनों के बाद के दृष्टिकोण (आउटलुक) में भी बदलाव की उम्मीद कम है; वर्षा की गतिविधि जारी रहेगी और हवा की गति थोड़ी धीमी होकर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker