जांजगीर-चांपा

ट्रक की चपेट में आने से 65 वर्षीय वृद्ध की मौत

जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह भारी वाहनों का कहर देखने को मिला, जहां एक बेलगाम ट्रक ने 65 वर्षीय वृद्ध की जान ले ली। हादसे के बाद पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए मृतक के परिजनों को तत्काल 25 हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की। जानकारी के अनुसार, थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम कुकदा निवासी लक्ष्मण प्रसाद कश्यप (65 वर्ष) अपनी स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल क्रमांक CG11 CA 7203 से बिर्रा के भांठापारा में आयोजित मिट्टी कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे। आज रविवार सुबह लगभग 10 बजे वे बिर्रा स्थित अंशिका जनरल स्टोर्स के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे ट्रक क्रमांक CG04 MX 7460 ने उन्हें बेरहमी से अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लक्ष्मण प्रसाद कश्यप सीधे ट्रक के नीचे जा गिरे। उनके सिर पर गंभीर चोट आई और अत्यधिक खून बहने के कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर खून से लथपथ शव देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई और माहौल गमगीन हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपनिरीक्षक टी.आर. जागड़े अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह भेजा। वहीं ट्रक को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है। मामले में मर्ग क्रमांक 13/26 कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।

तेज रफ्तार भारी वाहनों पर कब लगेगी लगाम?

बिर्रा नगर और आसपास के क्षेत्रों में भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार लोगों की जान पर भारी पड़ रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग मौन बने हुए हैं। आए दिन हो रहे हादसों के बावजूद न तो गति नियंत्रण के ठोस इंतजाम किए जा रहे हैं और न ही लापरवाह वाहन चालकों पर कठोर कार्रवाई हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं बरती गई तो ऐसे हादसे आगे भी निर्दोष लोगों की जान लेते रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker