सक्ती

रात में छापेमारी कर प्रशासन ने अवैध खनन में लिप्त वाहनों को पकड़ा, मचा हड़कंप

सक्ती। कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के सख्त निर्देशन में जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम, तहसीलदार हसौद श्रीमती गरिमा मनहर, तहसीलदार सक्ती श्री लक्ष्मीकांत कोरी एवं थाना प्रभारी बिर्रा की संयुक्त टीम द्वारा तहसील हसौद अंतर्गत ग्राम करही में देर रात लगभग 1 बजे छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान अवैध रूप से रेत का भंडारण एवं परिवहन करते पाए जाने पर 05 ट्रैक्टरों को जप्त किया गया। यह कार्रवाई खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा योजनाबद्ध तरीके से की गई, जिससे अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया। उक्त प्रकरण में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 एवं खान और खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री तोपनो ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं, ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर पूर्णतः रोक लगाई जा सके। जिला प्रशासन इस दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker