जिले में रोजगार का सुनहरा मौका: विभिन्न स्थानों पर लगेगा प्लेसमेंट कैंप, सैकड़ों पदों पर होगी भर्ती

सक्ती। प्लेसमेंट कैंप आयोजन के संबंध में जिला पंचायत सक्ती से जारी निर्देशानुसार, एस.आई.एस. इंडिया कंपनी लिमिटेड अनूपपुर एवं एसआईएस लिमिटेड रायगढ़ ब्रांच द्वारा जिला सक्ती अंतर्गत बेरोजगार युवाओं को रोजगार प्रदान करने की दृष्टि से जनपद, नगर पालिका एवं नगर पंचायत स्तर पर प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एसआईएस लिमिटेड रायगढ़ ब्रांच द्वारा जनपद पंचायत डभरा में 01 अप्रैल 2026 को, जनपद पंचायत जैजैपुर में 02 अप्रैल 2026 को, जनपद पंचायत मालखरौदा और जनपद पंचायत सक्ती में 03 अप्रैल 2026 को प्लेसमेंट कैंप आयोजित किए जाएंगे। वहीं एस.आई.एस. इंडिया लिमिटेड अनूपपुर द्वारा जनपद पंचायत मालखरौदा में 21 अप्रैल 2026 को, जनपद पंचायत जैजैपुर में 22 अप्रैल 2026 को, जनपद पंचायत डभरा में 23 अप्रैल 2026 को तथा जनपद पंचायत सक्ती में 24 अप्रैल 2026 को प्लेसमेंट कैंप लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त शासकीय आईटीआई मालखरौदा में 25 अप्रैल 2026, शासकीय आईटीआई जैजैपुर में 27 अप्रैल 2026 तथा शासकीय आईटीआई डभरा में 28 अप्रैल 2026 को भी प्लेसमेंट कैंप का आयोजन निर्धारित किया गया है।
एस.आई.एस सिक्योरिटी सर्विस इंडिया लिमिटेड द्वारा छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सुरक्षा जवान सहित अन्य 205 पदों पर भर्ती निकाली गई है। कंपनी आई इस ओ 9001:2008 से प्रमाणित है और लंबे समय से सुरक्षा सेवाओं के क्षेत्र में कार्यरत है। कंपनी देश के कई बड़े औद्योगिक और प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे लाल किला, कुतुब मीनार, होन्डा, मारुति उद्योग, टाटा मोटर्स, विभिन्न मॉल, फाइव स्टार होटल और आईटी संस्थानों में सुरक्षा सेवाएं प्रदान करती है। साथ ही बिलासपुर, रायपुर और रायगढ़ सहित विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार इन पदों के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम ऊंचाई 167.5 सेंटीमीटर एवं वजन 56 किलोग्राम निर्धारित किया गया है, जबकि आयु सीमा 21 से 42 वर्ष के बीच तय की गई है। शैक्षणिक योग्यता के रूप में 10वीं पास अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी, हालांकि कुछ मामलों में 10वीं फेल अभ्यर्थियों को भी अवसर प्रदान किया जा सकता है। चयनित अभ्यर्थियों को 15,000 से 35,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। ड्यूटी अवधि 8 या 12 घंटे की होगी तथा नियुक्ति विभिन्न यूनिट्स में की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों का चयन शारीरिक परीक्षण एवं साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। भर्ती के दौरान केवल चयनित अभ्यर्थियों से 500 रुपये का प्रोसेसिंग शुल्क लिया जाएगा। जिला प्रशासन ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर इस सुनहरे रोजगार अवसर का लाभ उठाएं।




