सक्ती

हसौद और जैजैपुर में नुक्कड़ नाटक का किया गया आयोजन

सक्ती। सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शासकीय महाविद्यालय जैजैपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों द्वारा जैजैपुर बस स्टेशन में जनजागरूकता के उद्देश्य से प्रभावी एवं संदेशपरक नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। इसी प्रकार शासकीय नवीन महाविद्यालय हसौद द्वारा भी आकर्षक नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई। नमो सेवा संगीतमय नाटक के माध्यम से स्वयंसेवकों ने आम नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, स्वास्थ्य जागरूकता, डिजिटल इंडिया, विकसित भारत तथा सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश सरल, रोचक एवं प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजनाओं के उद्देश्यों एवं लक्ष्यों की जानकारी पात्र हितग्राहियों तक सही जानकारी पहुँचने से वे योजनाओं का उचित लाभ प्राप्त कर सकते हैं साथ ही उन्होंने सभी लोगों से जनजागरूकता एवं जनसेवा के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री सोनसाय देवांगन उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमाशंकर बंजारे के मार्गदर्शन तथा डॉ. नारायण प्रसाद कुर्रे के निर्देशन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक श्रीमती प्रमिति सिंह, डॉ. सचिन कुमार, श्री संजय सतनामी, श्री अर्जुन सिंह, श्री रवि निराला, श्री संतोष प्रधान एवं डॉ. नकुल टेंगवार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने नुक्कड़ नाटक का अवलोकन किया।

नुक्कड़ नाटक का मुख्य उद्देश्य शासकीय योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाना, सामाजिक उत्तरदायित्व, जनसेवा एवं राष्ट्रहित की भावना विकसित करना रहा। नाट्य प्रस्तुति के दौरान स्वयंसेवकों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, महतारी वंदन योजना, सरस्वती साइकिल योजना, आयुष्मान कार्ड एवं नशामुक्ति जैसे अन्य कई महत्वपूर्ण विषयों पर जनजागरूकता का संदेश दिया। योजनाओं की जानकारी को संवाद, अभिनय एवं संगीतमय प्रस्तुति के माध्यम से इस प्रकार प्रस्तुत किया गया कि आम नागरिक आसानी से उसे समझ सकें। नाटक में कोरोना महामारी के दौरान भारत द्वारा किए गए प्रयासों एवं महामारी से मुकाबले को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। स्वयंसेवकों ने मास्क के उपयोग, स्वच्छता एवं टीकाकरण के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही महामारी के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों, प्रशासन एवं आम नागरिकों की सहभागिता तथा सामूहिक प्रयासों के महत्व को भी नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से समझाया गया। नुक्कड़ नाटक की प्रभावी, रोचक एवं संदेशपरक प्रस्तुति को उपस्थित अतिथियों और जनसमुदाय ने सराहा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker