जैजैपुर

पीएम किसान योजना के लाभ के लिए एग्रीस्टैक पंजीयन जरूर कराये किसान – पुष्पा परदेशी खुंटे

सक्ती। जिले के लगभग 21 हजार किसान अब तक एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन नहीं करा सके हैं। इसका सीधा असर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ पर पड़ सकता है। एग्रीस्टैक में पंजीयन नहीं होने की स्थिति में किसानों को मिलने वाली सालाना 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता से वंचित होना पड़ सकता है। इस संबंध में जनपद पंचायत जैजैपुर की अध्यक्ष पुष्पा परदेशी खुंटे ने जिले के किसानों से अपील करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना सहित विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन कराना अनिवार्य है। इसलिए सभी किसान भाई समय रहते अपना पंजीयन अवश्य कराएं। जिले में 80 हजार से अधिक सक्रिय किसान पंजीकृत हैं, जिनमें से 60 हजार से ज्यादा किसान एग्रीस्टैक पोर्टल में अपना पंजीयन करा चुके हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में किसान अभी भी इस प्रक्रिया से बाहर हैं।

अध्यक्ष जनपद पंचायत जैजैपुर पुष्पा परदेशी खुंटे ने बताया कि एग्रीस्टैक के माध्यम से प्रत्येक किसान की डिजिटल प्रोफाइल तैयार की जाती है जिसमें जमीन, फसल, बैंक खाता और आधार से जुड़ी जानकारी एकीकृत रहती है। इससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजा जा सकता है तथा फर्जी या डुप्लीकेट लाभार्थियों की पहचान करना भी आसान हो जाता है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि एग्रीस्टैक और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में पंजीयन से संबंधित जानकारी के लिए किसान अपने क्षेत्रीय ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, विकासखंड कार्यालय या नजदीकी सीएससी केंद्र से संपर्क कर जल्द से जल्द पंजीयन कराएं।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker