छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की ओर तेजी से बढ़ रही सर्द हवाएं, प्रदेश के 18 जिलों में शीतलहर का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

रायपुर। प्रदेश में ठंड ने अपना रूप दिखाना शुरू कर दिया है और मौसम विभाग ने शीतलहर को लेकर खास सावधानी बरतने की अपील की है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने 7 से 9 दिसम्बर के लिए शीतलहर की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार गौरेला-पेण्ड्रा-मारवाही, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, कबीरधाम, मुंगेली, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, बेमेतरा, रायपुर, दुर्ग, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद और कोरबा जिलों में एक-दो पाकेट पर शीतलहर चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत से लगातार ठंडी हवा दक्षिण की ओर बढ़ रही है, जिसके कारण प्रदेश में शुष्क मौसम के साथ तीखी ठंड महसूस की जा रही है। प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में ठंड और बढ़ सकती है। रायपुर शहर में सोमवार को हल्के बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम करीब 12 डिग्री रहने की संभावना है।

तेजी से गिर रहा है पारा

बीते दो दिनों से प्रदेश भर में न्यूनतम तापमान तेजी से गिरा है। शनिवार – रविवार की दरमियानी रात सबसे ज्यादा ठिठुरन महसूस की गई। अंबिकापुर में तापमान 5.2 डिग्री तक लुढ़क गया, जो प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान रहा। वहीं दुर्ग जिले में अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक शीतलहर के लिए अलर्ट जारी किया है। रायपुर को रविवार को अधिकतम तापमान 28.9 डिग्री और न्यूनतम 11.9 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। बिलासपुर, कोरबा, सरगुजा और रायपुर संभाग के कई हिस्सों में रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। माना एयरपोर्ट में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि दुर्ग में पारा 9.2 डिग्री तक गिरा।

एजवाइजरी जारी

मौसम विभाग ने कहा है कि उत्तर की ठंडी हवाओं और साफ आसमान के कारण रात का तापमान लगातार गिर रहा है। ऐसे में सुबह-शाम की ठंड और अधिक बढ़ सकती है। संवेदनशील इलाकों में लोगों को गर्म कपड़ों का उपयोग करने, विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को ठंड से बचाने की सलाह दी गई है। विभाग ने सभी जिलों को एडवाइजरी का पालन करते हुए स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी सावधानियां अपनाने को कहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker