
सक्ती। ग्राम हसौद में बीते दिवस आयोजित भव्य कवि सम्मेलन में साहित्यिक रंग पूरी तरह छाया रहा। कार्यक्रम का आयोजन राजेन्द्र कुमार कुर्रे ‘राजू’ (शायर) एवं सरिता कुर्रे द्वारा उनके सुपुत्र रोमियो कुर्रे के जन्मदिन के शुभ अवसर पर किया गया। आयोजन में रायगढ़ एवं सक्ती जिले के ख्यातिप्राप्त कवियों, शायरों और साहित्यकारों ने अपनी अनुपम रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि रोहित कुमार सोनवानी (सेनि प्रा पा) तथा विशिष्ट अतिथि राकेश नारायण बंजारे (प्रदेश प्रवक्ता, साहित्य प्रकोष्ठ एवं संगठन; जिला प्रवक्ता, रायगढ़) और सुनील भारद्वाज (प्रवक्ता, भारतीय संविधान प्रचारिणी सभा, भारत) द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। सम्मेलन में मंचासीन कवियों ने हास्य, श्रृंगार, वीर, सामाजिक और गंभीर विषयों पर आधारित रचनाएँ प्रस्तुत कर श्रोताओं को देर रात तक बांधे रखा। साहित्य प्रेमियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष ऊँचाई प्रदान की। आयोजकों ने सभी अतिथियों और कवियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में साहित्य, कविता और संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ग्राम हसौद में आयोजित यह कवि सम्मेलन साहित्यिक गतिविधियों के लिए एक प्रेरक मंच साबित हुआ।




