इस संभाग में भारी बारिश का अलर्ट, कहीं गिर सकती है बिजली, जानें आज कैसा रहेगा आपके राज्य का मौसम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब मानसून का असर दिखाई देने लगा है। शुक्रवार को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश हुई। वहीं, शनिवार को भी राज्य में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ने पूरे प्रदेश को कवर कर लिया है। जिस कारण प्रदेश में अच्छी बारिश हो रही है। बारिश होने के साथ ही लोगों को गर्मी से राहत मिली है। तापमान में 4 से 5 डिग्री तक की गिरावट आई है।
शनिवार को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, आज शनिवार को भी मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, कोरिया और सूरजपुर जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। यहां भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य 30 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की और मध्यम बारिश हो सकती है। सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही बिजली गिरने का भी अलर्ट है।
किसानों को राहत
मानसूनी गतिविधियां शुरू होने से किसानों के चेहरों में खुशी आ गई है। मानसूनी बारिश के साथ ही राज्य में धान किसानों ने खेती का काम शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने इश बार प्रदेश में अच्छी बारिश की संभावना जताई है।