बिलासपुर में फिर बरसेंगे ये मेघ

इस वर्षा के कारण खेतों में हरियाली फैल गई है और किसानों की फसलों को पर्याप्त पानी मिल रहा है। यह खबर न केवल किसानों के लिए बल्कि शहरवासियों के लिए भी राहत भरी है, क्योंकि यह जलस्तर को बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगी।
अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज
आज व कल तापमान में गिरावट की संभावना
अगले 24 से 48 घंटों में बारिश की गतिविधियों में तेजी
बिलासपुर। न्यायधानी में मौसम का मिजाज बदलता दिख रहा है। सोमवार और मंगलवार को मौसम सामान्य रहा, जिससे लोगों को अपने दैनिक कार्यों में किसी प्रकार की रुकावट का सामना नहीं करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। शहर में दिन का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और वातावरण में हल्की उमस महसूस की गई। लोगों के बीच इस खबर के बाद उत्साह का माहौल है। एक जून से अब तक बिलासपुर में 585 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है, जो सामान्य से अधिक है। यह आंकड़ें बताते हैं कि इस साल मानसून ने अपना रंग जमाया है।
बंगाल की खाड़ी तक द्रोणिका
मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर जैसलमेर, अजमेर, ग्वालियर, चर्क, बालासोर और उसके बाद पूर्व-दक्षिण- पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण झारखंड और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण बांग्लादेश और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
शहर में भारी वर्षा की संभावना
प्रदेश में 31 जुलाई को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा भारी वर्षा होने की संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। 31 जुलाई से तीन अगस्त तक वर्षा की गतिविधि प्रबल रहने की संभावना है। वहीं बिलासपुर में भी वर्षा की संभावना बन रही है। दो और तीन अगस्त को गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। सात अगस्त को हल्की से मध्यम वर्षा और बाकि दिन बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी या आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
बिलासपुर 31.6 25.8
पेंड्रारोड 29.8 23.2
अंबिकापुर 30.5 24.0
माना 31.3 25.4
जगदलपुर 30.2 23.7