मौसम बदल रहा है, एक्शन मोड में आएंगे बादल, किसानों के लिए लाएंगे खुशियां

जून में वर्षा ने तोड़ा पिछले साल का रिकार्ड
आज से दिखाई देगा असर, झमाझम वर्षा
यादगार रहेगा यह मानसून
बिलासपुर। मौसम का मूड बदल रहा है। मंगलवार को भारी उमस और गर्मी के साथ आसमान में बादल भी मंडरा रहे थे। प्री मानसून ने वर्षा का पिछले साल का रिकार्ड तोड़ दिया है। 26 जून से मानसून अपने पूरे एक्शन मोड में आ जाएगा। मौसम विभाग की मानें तो अब एक सप्ताह तक अच्छी वर्षा की संभावना है, जिससे उमस और गर्मी से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की पूरी संभावना है।
मंगलवार का दिन उमस और गर्मी से परेशान लोगों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहा। आसमान में घने बादलों के बीच सूर्यदेव ने अपने तेवर दिखाए। पिछले दिनों प्री-मानसून ने राहत देते हुए चारों ओर हरियाली जरूर बिखेर दी है, लेकिन उमस कम नहीं हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, 26 जून से मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा और इसके बाद अगले एक सप्ताह तक अच्छी वर्षा की संभावना है। विभाग के मुताबिक, इस साल मानसून सामान्य से ज्यादा सक्रिय रहेगा, जिससे किसानों के चेहरे पर मुस्कान लौटने की उम्मीद है। वर्षा का यह दौर न सिर्फ उमस और गर्मी से राहत दिलाएगा, बल्कि जलस्तर में भी सुधार करेगा, जो पिछले कुछ महीनों से काफी कम हो गया था।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी
अब देखना यह होगा कि मौसम विभाग की भविष्यवाणी कितनी सटीक साबित होती है और मानसून का यह दौर किस हद तक उमस और गर्मी से राहत दिला पाता है। फिलहाल, सभी लोग बारिश की बूंदों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए बैठे हैं। वैसे बता दें कि अब तक मौसम विभाग की सभी भविष्यवाणी एकदम सटीक रही है।
आज से तापमान में गिरावट, वर्षा
एक द्रोणिका दक्षिण गुजरात से उत्तर पश्चिम विहार तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक पूर्व पश्चिम द्रोणिका उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश से असम तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में 26 जून को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने, वज्रपात होने व भारी वर्षा होने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान में गिरावट संभावित है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः बस्तर संभाग और उससे लगे जिले संभावित है।