छत्तीसगढ़

फैक्ट्री में रखे बारूद में विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत

बेमेतरा। बेमेतरा जिले के बोरसी गांव में आज सुबह एक फैक्ट्री में रखे बारूद में विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, छह अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए रायपुर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बोरसी के पास पिरदा में स्थित स्पेशल ब्लॉस्ट फैक्ट्री में आज सुबह विस्फोट हो गया। इस फैक्ट्री में जहां विस्फोट हुआ वहां पर काफी मजदूर काम कर रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत तथा बचाव कार्य शुरू किया। कई घंटों के बचाव कार्य के बाद भी मलबे में कम से कम पांच मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि स्थानीय लोगों के अनुसार करीब पन्द्रह लोग अभी भी मलबे में दबे हुए हैं। फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से घटना के समय काम कर रहे लोगों का सही आंकड़ा नहीं दिया जा सका है। इसके कारण स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है।
इस बीच, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताते हुए दंडाधिकारी जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही दुर्घटना में मृतक परिवार के लिए पांच लाख रुपए और घायलों के लिए पचास-पचास हजार रुपए मुआवजे की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने मौके पर राहत और बचाव कार्य की उच्चस्तरीय निगरानी करने को कहा है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव और साजा विधायक ईश्वर साहू घटनास्थल पहुंचे और अधिकारियों से चर्चा की। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इस घटना पर दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया है।
इस बीच, कांग्रेस ने बारूद फैक्ट्री हादसे के दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही इस घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को पचास लाख रुपए और घायलों को दस लाख रूपए का मुआवजा देने की मांग भी की है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker