छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी मानसून की रफ्तार, कई इलाकों में भारी बारिश के संकेत, बिजली गिरने की भी चेतावनी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में बारिश का दौर फिर तेज होने के संकेत हैं। बंगाल की खाड़ी में एक नया मौसमी सिस्टम बनने की संभावना के चलते प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 22 सितंबर से मानसून की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बने रहने के आसार हैं।

कई जिलों में तेज हवा और बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार सुबह प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव और गरियाबंद में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना बताई गई है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लोगों को मौसम बिगड़ने के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है। वहीं सुकमा, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, रायगढ़, दुर्ग, बेमेतरा और कबीरधाम में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

19 सितंबर से बना है मौसम सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार, 19 सितंबर से अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्र में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अगले 24 घंटे में और विकसित होकर निम्न दबाव के क्षेत्र में बदलने की संभावना जताई गई है। इसके आगे बढ़ने और मजबूत होने पर यह सिस्टम बंगाल की खाड़ी में अवदाब का रूप ले सकता है। इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से 22 से 25 सितंबर के दौरान छत्तीसगढ़ में व्यापक बारिश होने की संभावना है। वहीं 22 सितंबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। ऐसे में अगले कुछ दिनों में प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

29 सितंबर के बाद मानसून की विदाई के संकेत

बारिश के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश से मानसून की विदाई को लेकर भी संकेत दिए हैं। बताया गया है कि 29 सितंबर के बाद छत्तीसगढ़ से मानसून की विदाई शुरू हो सकती है। हालांकि इससे पहले बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमी सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।

रायपुर में छाए रहेंगे बादल

राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। बादल गरजने-चमकने के साथ हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। इस दौरान रायपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बारिश के बावजूद राजधानी में दिन के तापमान में बहुत ज्यादा गिरावट देखने को नहीं मिली।

मानपुर में सबसे ज्यादा 6 सेमी बारिश

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मानपुर में सबसे ज्यादा 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। वहीं नारायणपुर में 4 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा दुर्गकोंदल, अंतागढ़, रायपुर शहर, लालपुर थाना और पखांजूर में 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। रायपुर शहर में भी 3 सेंटीमीटर बारिश हुई, लेकिन इसके बावजूद दिन का अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस रहा। राजनांदगांव, माना और बिलासपुर में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

पिकनिक या बाहर निकलने से पहले मौसम जरूर देखें

मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए रविवार को पिकनिक या अन्य बाहरी गतिविधियों का प्लान बनाने वालों को मौसम की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है। खासकर उन जिलों में जहां तेज हवा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली को लेकर ऑरेंज या यलो अलर्ट जारी किया गया है, वहां मौसम खराब होने की स्थिति में सावधानी बरतना जरूरी होगा। आने वाले दिनों में बंगाल की खाड़ी में बनने वाले सिस्टम की गतिविधियों पर मौसम विभाग की नजर बनी हुई है। इसके प्रभाव से 22 से 25 सितंबर के बीच छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker