छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में नौतपा के बीच बदलने वाला है मौसम, IMD ने बारिश और तेज हवाओं का दिया अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नौतपा की शुरुआत बेहद आक्रामक रही है। सोमवार को पहले ही दिन राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में सूरज के तीखे तेवरों ने लोगों को बेहाल कर दिया। रायपुर में अधिकतम तापमान जहां 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजनांदगांव जिला 46.5 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा। दिनभर चली गर्म हवाओं (लू) और भारी उमस के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है।

दिन के साथ रातें भी हुईं बेचैन, डॉक्टरों की विशेष सलाह

गर्मी का यह सितम केवल दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से रातें भी तप रही हैं। देर रात तक घरों की दीवारें गर्म रहने के कारण लोग उमस से परेशान हैं। इस स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है, क्योंकि लगातार बढ़ती गर्मी से डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा काफी बढ़ गया है।

मौसम विभाग का अनुमान: छाएंगे बादल, चलेंगी तेज हवाएं

इस भीषण गर्मी के बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने कुछ राहत की उम्मीद जताई है। दक्षिण बिहार के ऊपर बने चक्रवातीय परिसंचरण और वहां से आंध्रप्रदेश तक बनी एक द्रोणिका के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। इसके असर से 26 मई को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

इससे तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन हल्की गिरावट से कुछ राहत मिल सकती है। मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों (दुर्ग, बिलासपुर, रायपुर) में अगले तीन दिनों तक शुष्क और गर्म हवाओं का दौर जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker