
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब ठंड धीरे-धीरे दस्तक देने लगी है। मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना जताई है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ में जहां 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट अगले 24 घंटे में देखने को मिलेगी, वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ में यह कमी अगले 48 घंटों में महसूस की जाएगी।
तापमान का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 32.4°C रायपुर में दर्ज किया गया है, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.5°C अंबिकापुर में रहा। इससे स्पष्ट है कि उत्तर छत्तीसगढ़ के इलाकों में अब ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है।
वर्षा और मौसम की स्थिति
वर्षा के मुख्य आंकड़े निरंक (शून्य) रहे, यानी प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई। सिनोप्टिक सिस्टम के अनुसार, फिलहाल छत्तीसगढ़ में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा।
आगामी पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की वर्षा की संभावना है। इसके बाद आने वाले दो दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा।
रायपुर का हाल
राजधानी रायपुर में 6 नवंबर को आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 31°C और न्यूनतम तापमान 19°C के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम में हो रहे इस परिवर्तन के साथ ही छत्तीसगढ़ में सर्दी के आगमन की दस्तक सुनाई देने लगी है। किसानों और आम लोगों के लिए अब ठंडी सुबह और सुहानी शामों का दौर शुरू होने वाला है।




