जांजगीर-चांपा

सेवानिवृत्ति अंत नहीं, नई जिम्मेदारियों की शुरुआत : रितेश रमण सिंह

जांजगीर-चांपा। जिले के संकुल केंद्र डीडीएस बिर्रा में जिला मिशन समन्वयक हरिराम जायसवाल के सेवानिवृत्त होने पर भावपूर्ण विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन तीनों शैक्षिक समन्वयकों एवं प्राचार्यों के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसमें शिक्षा जगत से जुड़े अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद सदस्य रितेश रमण सिंह, अध्यक्षता कर रहे सरपंच प्रतिनिधि एकादशिया साहू, विशिष्ट अतिथि मनोज कुमार तिवारी, शिक्षक संघ पदाधिकारी बी.एन. चंद्राकर, प्राचार्य तोषण प्रसाद तिवारी, सुनील कुमार कुर्रे एवं श्रीमती सुप्रिया शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। अतिथियों का स्वागत पुष्पहार, श्रीफल एवं शॉल भेंट कर किया गया। इस दौरान कक्षा 11वीं की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर समारोह को भावनात्मक बना दिया। विशिष्ट अतिथि मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि हरिराम जायसवाल ने अपने जीवन में संघर्ष, परिश्रम और समर्पण के बल पर शिक्षा विभाग में उल्लेखनीय सेवाएं दी हैं। वहीं प्राचार्य तोषण प्रसाद तिवारी ने उन्हें मृदुभाषी, मिलनसार एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व बताते हुए उनके पदचिन्हों पर चलने की बात कही। समारोह में शिक्षक संघ पदाधिकारी बी.एन. चंद्राकर ने भावपूर्ण गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। मुख्य अतिथि रितेश रमण सिंह ने कहा, सेवानिवृत्ति का अर्थ केवल नौकरी से अवकाश है, जीवन से नहीं। अनुभव और सेवा का सफर कभी समाप्त नहीं होता। उन्होंने हरिराम जायसवाल के शिक्षा क्षेत्र में योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की कामना की।

अपने उद्बोधन में सेवानिवृत्त जिला मिशन समन्वयक हरिराम जायसवाल ने कहा कि बिर्रा क्षेत्र से उनका वर्षों पुराना आत्मीय संबंध रहा है और भविष्य में भी क्षेत्र एवं शिक्षा के हित में जहां आवश्यकता होगी, वहां वे सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे। इस अवसर पर शैक्षिक समन्वयक लखनलाल कश्यप, गुरुप्रसाद भाटपहरे एवं किशोर देवांगन ने श्रीफल, शॉल, स्मृति चिन्ह एवं मेमेंटो भेंट कर उनका सम्मान किया। वहीं लखनलाल कश्यप ने पेन से उकेरा गया हरिराम जायसवाल का आकर्षक छायाचित्र भेंट कर समारोह को विशेष बना दिया। कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता देवनारायण चौहान ने किया तथा आभार प्रदर्शन शैक्षिक समन्वयक लखनलाल कश्यप ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker