राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर वेदराम महाविद्यालय में खेल प्रतियोगिता का आयोजन

सक्ती। जिले में 29 अगस्त 2025 को राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में शासकीय वेदराम महाविद्यालय, मालखरौदा में एक भव्य खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी द्वारा कुर्सी दौड़ और रस्सी खींच जैसी रोमांचक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके खेल जगत में अतुलनीय योगदान को याद करने के साथ हुआ।
प्राचार्य डॉ बी. डी. जांगडे ने अपने उद्बोधन में मेजर ध्यानचंद के जीवन और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित किया। तत्पश्चात, क्रीड़ा अधिकारी श्री रूपेश कुमार आदित्य ने खेल प्रतियोगिताओं का औपचारिक शुभारंभ किया। छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिताओं में भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्रों की सक्रिय भागीदारी रही। इस आयोजन ने न केवल खेल भावना को बढ़ावा दिया, बल्कि मेजर ध्यानचंद के प्रेरणादायी जीवन से सभी को प्रेरित भी किया।




