
रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश के कई जिलों में मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आगामी घंटों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। वहीं, कुछ स्थानों पर अचानक तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से) चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क और सुरक्षित रहने की अपील की है।
ऑरेंज अलर्ट जारी, होगी झमाझम बरिश
बीजापुर, बस्तर, नारायणपुर, कोण्डागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद और रायपुर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में मेघगर्जन, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ मध्यम वर्षा की संभावना है।
येलो अलर्ट में कई जिले, सावधानी बरतने की अपील
सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कांकेर, धमतरी, बालोद, दुर्ग और रायपुर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। 19 अगस्त को दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से बस्तर और आसपास के जिलों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
सिनॉप्टिक सिस्टम
बंगाल की खाड़ी और उत्तरी आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट पर निम्न दबाव का क्षेत्र सक्रिय है, जो अगले 12 घंटों में अवदाब में बदल सकता है। मानसून द्रोणिका गुजरात से लेकर बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। एक कतरनी क्षेत्र (Wind Shear Zone) भी सक्रिय है, जो मौसम को प्रभावित कर रहा है।


