छत्तीसगढ़ के 9 जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट, बौछारें पड़ेंगी, रायपुर में सड़कें बनी तालाब

जांजगीर फर्स्ट न्यूज। छत्तीसगढ़ में कुछ हिस्सों में आज गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। बिजली गिर सकती है। मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के 5 जिलों में यलो और 4 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कहीं-कहीं अंधड़ चल सकती है। इससे पहले रायपुर में लंबे ब्रेक के बाद मंगलवार शाम अच्छी बारिश हुई। आधे घंटे की बरसात से शहर के कई इलाकों में जल भराव हो गया। विधानसभा इलाके में ब्लैक आउट की स्थिति बन गई। हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक ये मानसूनी बारिश नहीं है। अभी बस्तर से आगे बढ़ने में मानसून को दो से तीन दिन का वक्त और लग सकता है।
जून में अब तक आधे से ज्यादा जिले सूखे
जून में अब तक प्रदेश के आधे से ज्यादा जिले सूखे की स्थिति में हैं। ये महीना बारिश के लिहाज से छत्तीसगढ़ के लिए खास नहीं रहा। ऐसा इसलिए क्योंकि 16 दिन पहले मानसून आने के बाद भी प्रदेश में पिछला एक सप्ताह ड्राई रहा। सिर्फ कुछ जगहों पर ही हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई।
लंबा रह सकता है मानसून
मानसून के केरल पहुंचने की सामान्य तारीख 1 जून है। इस साल 8 दिन पहले यानी 24 मई को ही केरल पहुंच गया। मानसून के लौटने की सामान्य तारीख 15 अक्टूबर है। अगर इस साल अपने नियम समय पर ही लौटता है तो मानसून की अवधि 145 दिन रहेगी। इस बीच मानसून ब्रेक की स्थिति ना हो तो जल्दी आने का फायदा मिलता सकता है।