पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त होगी जारी, जिले में मनाया जाएगा पीएम किसान उत्सव दिवस

सक्ती। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा फरवरी 2019 में प्रारंभ की गई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना देश के पात्र भूमिधारक किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के अंतर्गत आधार से लिंक एवं सक्रिय बैंक खातों वाले पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। उप संचालक कृषि श्री तरुण प्रधान से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में अब तक योजना की 22 किस्तों के माध्यम से किसानों को 17.70 करोड़ रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 23वीं किस्त की राशि 20 जून 2026 को जारी की जाएगी। इस अवसर पर जिले के 85,391 पात्र किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से लगभग 17.08 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
भारत सरकार द्वारा 20 जून 2026 को पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री का कार्यक्रम पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से प्रसारित होगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिले के विकासखंड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर वेबकास्ट के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणजन एवं किसान इस कार्यक्रम से जुड़ सकें। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, कृषकों तथा ग्रामवासियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की गई है। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं ताकि किसान इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का लाभ प्राप्त कर सकें और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकें।




