बजट 2026-27 जनहित और महिला सशक्तिकरण का मजबूत दस्तावेज – पुष्पा परदेशी खुंटे

जैजैपुर। जनपद पंचायत जैजैपुर की अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा परदेशी खुंटे ने राज्य बजट 2026-27 को किसानों, गरीबों, आम नागरिकों एवं महिलाओं के सर्वांगीण विकास का बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और ग्रामीण उन्नति को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।
श्रीमती खुंटे ने जानकारी दी कि किसानों के हित में ब्याज मुक्त ऋण योजना के लिए 300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सहकारी समितियों के सशक्तिकरण के तहत 50 नए गोदाम निर्माण हेतु 150 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं के लिए 2,024 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे कृषि उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
गरीब एवं आमजनों के स्वास्थ्य और आवास को ध्यान में रखते हुए आयुष्मान योजना के लिए 1,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिसके अंतर्गत 5 लाख रुपये तक नि:शुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के लिए 800 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। बीपीएल परिवारों को मुफ्त बिजली सुविधा हेतु 354 करोड़ रुपये तथा घरेलू बिजली बिल में राहत के लिए 800 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के अंतर्गत लाखों माताओं-बहनों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिसके लिए 8,200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। लखपति दीदी योजना के माध्यम से बड़ी संख्या में महिलाएं आत्मनिर्भर बनी हैं तथा उनके व्यवसायिक विस्तार के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं।
महिलाओं के लिए 250 महतारी सदन निर्माण हेतु 75 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। आंगनबाड़ी संचालन, पूरक पोषण आहार एवं कुपोषण मुक्ति के लिए हजारों करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना एवं मिशन वात्सल्य के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
बालिकाओं की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु रानी दुर्गावती योजना प्रारंभ की जाएगी, जिसके अंतर्गत 18 वर्ष पूर्ण होने पर 1.5 लाख रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।
श्रीमती पुष्पा परदेशी खुंटे ने कहा कि यह बजट समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की धारा पहुंचाने का संकल्प है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने और विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

