
जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा क्षेत्र स्थित करही गांव के उपसरपंच के लापता होने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार कुछ लोगों ने मिलकर उपसरपंच की हत्या कर उसका शव नदी में फेंक दिया था। इस मामले में गांव की सरपंच के पति सहित आठ आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की है। जिले के पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय ने बताया कि आरोपियों ने उपसंरपच की हत्या की करने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस की टीम नदी में गोताखोरों की मदद से उपसरपंच के शव की तलाश कर रही है। गौरतलब है कि करही गांव के उपसरंपच बीते छह सितंबर से लापता थे। ग्रामीणों ने उपसरपंच की तलाश की मांग करते हुए चक्काजाम भी किया था।




