छत्तीसगढ़ की दीक्षा ने 20 वीं अखिल भारतीय सांस्कृतिक युनेस्को कत्थक नृत्य स्पर्धा – 2024 में प्राप्त किया प्रथम स्थान

कोरबा जिले सहित राज्य का नाम किया रौशन
पुनः अंर्तराष्ट्रीय कत्थक नृत्य आबुधाबी के लिए चयनित
कोरबा। पुणे महाराष्ट्र में आयोजित 20 वीं अखिल भारतीय सांस्कृतिक युनेस्को संस्था की कत्थक नृत्य स्पर्धा – 2024 में प्रतिभागी दीक्षा सिंह ने 22 मई को युवा वर्ग में कत्थक नृत्य का प्रदर्शन किया और 24 मई को आयोजित कार्यक्रम में कोरबा की दीक्षा सिंह ने विभिन्न राज्यों से आये 4500 से भी ज्यादा प्रतिभागियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए युवा वर्ग के ग्रुप में प्रथम स्थान प्राप्त कर कोरबा जिले एवं छत्तीसगढ़ राज्य को गौरवान्वित किया है यह उत्सव भारत की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और युवा प्रतिभायों की असाधारण कला को रेखांकित करता है। अखिल भारतीय संस्कृतिक संघ पुणे सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और कलाकारों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचो पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए समर्पित है। दीक्षा इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ से बैचलर ऑफ परफार्मिंग आर्ट्स के ईयर की छात्रा है, साथ ही अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गुरु पं० मोरध्वज वैष्णव जी की होनहार शिष्या हैं।
इससे पहले भी दीक्षा सिंह ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आबूधाबी, दुबई (यूएई) तथा श्रीलंका में आयोजित कत्थक नृत्य प्रतिस्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले व राज्य को गौरवान्वित कर चुकी हैं। दीक्षा के माता -पिता केशव सुनीता अपनी बेटी की उपलब्धियों पर अत्यंत गर्व महसूस कर रहे है। दीक्षा को परिवार और रिश्तेदारों और दोस्तो से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं मिल रही है।