जैजैपुर

खेत बचाओ अभियान के तहत ग्राम बरदुली में कृषक चौपाल आयोजित

सक्ती। कृषि विभाग द्वारा संचालित खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत आज ग्राम बरदुली में कृषक चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। कृषक चौपाल में उपस्थित किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग के महत्व के बारे में बताया गया तथा फसलों की आवश्यकता के अनुरूप उर्वरकों के वैज्ञानिक एवं संतुलित प्रयोग की सलाह दी गई।

किसानों को नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के उपयोग की विधि, लाभ तथा इसके प्रभावी उपयोग के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि नैनो उर्वरकों के प्रयोग से उर्वरक उपयोग दक्षता बढ़ती है, लागत में कमी आती है तथा फसलों की उत्पादकता में वृद्धि होती है। इस अवसर पर किसानों को बीजीए (ब्लू ग्रीन एल्गी) कल्चर तथा हरी खाद के उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि इनका उपयोग मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहायक होता है।

चौपाल में किसानों को प्राकृतिक खेती के विभिन्न पहलुओं से भी अवगत कराया गया। प्राकृतिक संसाधनों के उपयोग, जैविक विकल्पों को अपनाने तथा लागत कम कर खेती को अधिक लाभकारी बनाने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। साथ ही किसानों को कृषि संबंधी तकनीकी जानकारी प्रदान करते हुए शासन की विभिन्न कृषि हितैषी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में ग्राम सरपंच श्री अशोक कुमार, ग्राम पंचायत के पंचगण, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी श्री योगेश भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में कृषक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker