छत्तीसगढ़

प्रदेश में जनवरी में ही तापमान सामान्य से ऊपर, सुबह-शाम हल्की ठंड बरकरार

रायपुर। प्रदेश में मौसम का मिजाज फिलहाल शुष्क बना हुआ है। रायपुर सहित अधिकांश जिलों में दिन का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि सुबह और रात में हल्की ठंड का असर बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा है। दिनभर आकाश लगभग साफ रहा और बादलों की मौजूदगी मात्र 10 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की गति औसतन 1 किलोमीटर प्रति घंटा रही। शहर में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।

प्रदेश में सिस्टम का असर नहीं

प्रदेश के अन्य जिलों की बात करें तो दुर्ग में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री के साथ सबसे अधिक रहा, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। बिलासपुर, पेंड्रारोड, जगदलपुर और राजनांदगांव में भी मौसम शुष्क बना रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर पाकिस्तान के आसपास बने निम्न दबाव क्षेत्र और ऊपरी हवा के सिस्टम के बावजूद प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना

रायपुर शहर के लिए स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार को सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker