छत्तीसगढ़ में फिर बरसेंगे बादल, कई जिलों में भारी बारिश व मेघगर्जन का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून का असर बरकरार है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक का दौर जारी है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों तक कई जिलों में भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। वहीं, रायपुर समेत कई शहरों में आंशिक मेघमय आसमान और बौछारों के आसार हैं।
मानसून की स्थिति
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से वापस हो चुका है। 17 सितंबर को सामान्य वापसी होती है, लेकिन इस बार 14 सितंबर को ही इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई। अगले 2-3 दिनों में पंजाब, गुजरात और राजस्थान के अन्य हिस्सों से भी मानसून की वापसी की संभावना है।
निम्न दबाव क्षेत्र का असर
उत्तरी तेलंगाना और उससे सटे विदर्भ में बना निम्न दबाव क्षेत्र समुद्र तल से 4.5 किमी ऊपर तक सक्रिय है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश और मेघगर्जन का दौर जारी रहेगा।
15 सितंबर का पूर्वानुमान
आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। रायपुर में आंशिक मेघमय आसमान के बीच गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान 34°C और न्यूनतम 25°C रहने की संभावना है।
अलर्ट जारी – कहां कितना खतरा
छत्तीसगढ़ प्रदेश में आगामी घंटों के दौरान कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है जिसमें, ऑरेंज अलर्ट: उत्तर बस्तर कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा जिलों में मेघगर्जन/आकाशीय बिजली/30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाओं के साथ मध्यम वर्षा की संभावना।
येलो अलर्ट: नारायणपुर, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर में हल्की वर्षा की संभावना।




