तपने लगी धरती, पारा 43 डिग्री, सूर्यदेव का बिगड़ा मूड

मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए आमजन को सचेत और सुरक्षित रहने सतर्क किया है। 28 मई को इस सीजन का चरम अधिकतम तापमान रहने की संभावना है।
बिलासपुर में तपने लगी धरती, भीषण गर्मी के बीच लू जैसी स्थिति
उत्तर पश्चिम दिशा से आने वाले गर्म और शुष्क हवाओं के कारण प्रदेश में अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए आमजन को सचेत और सुरक्षित रहने सतर्क किया है।
बिलासपुर। सूर्यदेव का मूड बिगड़ा हुआ है। नौतपा के बीच धरती खूब तप रही है। सूर्य की गर्मी ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। हीटवेव का खतरा बढ़ गया है। दिन में गर्म हवाएं चल रही हैं। लू जैसी स्थिति बनी हुई है। मौसम विशेषज्ञ लगातार सावधानी बरतने और घर में रहने की अपील कर रहे हैं। अगले तीन दिनों तक यह स्थिति बने रहने के आसार हैं।
न्यायधानी में ग्रीष्म लहर जैसी स्थिति निर्मित होने लगी है। अधिकतम तापमान में वृद्धि का ट्रेंड लगातार जारी है। बीते चार दिनों में जिस तरह से दिन में तापमान ट्रेंड कर रहा है, उससे साफ है कि आने वाले दिनों में इसका असर और तेज होगा। 24 मई को अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं 27 मई को पारा 43 डिग्री पर पहुंच गया।
दूसरी समस्या यह कि रात में भी न्यूनतम तापमान बढ़ता जा रहा है। पारा 30.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। यह सामान्य से 1.1 डिग्री ज्यादा है। थोड़ी राहत यह कि दिन में तापमान अभी भी सामान्य से कम है। आसमान में बादल आने के कारण समस्या बढ़ी है। उमस से लोग दिनभर हलकान हुए। सड़क पर निकलते ही शरीर से पसीना छूटने लगता। घर की छत और दीवारें तपने लगी है। सड़क से डामर तक पिछल रहा है।
रात में गर्म हवा
मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उत्तर पश्चिम दिशा से आने वाले गर्म और शुष्क हवाओं के कारण प्रदेश में अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है। 27 मई को एक दो पैकेट में ग्रीष्म लहर (मध्य छग में ) चलने की संभावना बनी हुई है। 28 मई रात्रि तक, उष्ण रात्रि रहने की संभावना है।
सचेत रहें, सुरक्षित रहें
मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए आमजन को सचेत और सुरक्षित रहने सतर्क किया है। 28 मई को इस सीजन का चरम अधिकतम तापमान रहने की संभावना है, जिसके कारण प्रदेश के एक दो पैकेट में ग्रीष्म लहर (मध्य छत्तीसगढ़ में) चलने की संभावना बन रही है। लू और हीट वेव के कारण लोगों दिक्कत हो सकती है। अभी कुछ दिनों तक कहीं बाहर घूमने का प्लान हो तो उसे रोक दें।
सावधानी से करें व्यायाम
पानी पीते रहें, प्यास न लगे तब भी बार-बार पानी पीते रहें। एक्सरसाइज से बचें, जब बाहर का तापमान ज्यादा हो तो ज्यादा मेहनत वाला व्यायाम करने से बचें। शराब और चाय से तौबा कर लें प्रोटीन का सेवन कम कर दें। शीतल पेय जैसे गन्ना जूस, मुसंबी, अनार, दही-लस्सी व छाछ का सेवन बढ़ा दें। नारियल डाब जरूर लें। घर को ठंडा रखने का पूरा प्रयास करें। दिमाग को शांत रखें। घबराएं नहीं।