छत्तीसगढ़ में फिर बारिश की वापसी, इन इलाकों में येलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अक्टूबर की शुरुआत बारिश भरी होने जा रही है। बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के चलते प्रदेश में अगले दो दिनों तक बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियों में तेजी देखने को मिलेगी। मौसम विभाग ने भारी से अति भारी वर्षा की आशंका जताते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
पिछले 24 घंटे का मौसम
छत्तीसगढ़ के लगभग सभी संभागों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज हुई। सबसे ज्यादा तापमान 33.0°C राजनांदगांव में और सबसे कम 19.6°C पेण्ड्रा रोड में दर्ज किया गया। प्रमुख वर्षा आंकड़े: पखांजूर 6 सेमी, गीदम 5 सेमी, छिंदगढ़ 5 सेमी, कुटरू 5 सेमी, बलरामपुर 5 सेमी, डौंडी 4 सेमी, तोंगपाल 4 सेमी, लोहांडीगुड़ा 4 सेमी।
क्यों हो रही है बारिश
मानसून की वापसी रेखा गुजरात, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश से गुजर रही है। पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब तेजी से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, यह सिस्टम 2 अक्टूबर की शाम तक गोपालपुर (ओडिशा) और आंध्र प्रदेश तट को पार कर जाएगा, जिसका असर सीधे छत्तीसगढ़ पर पड़ेगा।
अगले 48 घंटे का पूर्वानुमान
3 अक्टूबर को प्रदेश के ज्यादातर जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा। एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना। 2 दिनों तक लगातार कई जगहों पर तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।
राजधानी रायपुर का मौसम
आसमान सामान्यतः मेघाच्छन्न रहेगा। गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना। अधिकतम तापमान 30°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास।
ऑरेंज अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली और कोरिया जहां भारी बारिश की संभावना है।
येलो अलर्ट
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर और कोरिया मध्यम वर्षा की संभावना है।
लोगों को बरतनी होगी सावधानी
बिजली कड़कने के दौरान पेड़ या खंभों के नीचे न खड़े हों। जलभराव वाले इलाकों में यात्रा करने से बचें। किसानों को सलाह है कि फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएं। निचले इलाकों में रहने वाले लोग सतर्क रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।



