मौसम वाणी बिलासपुर में सूरज ने लिया ब्रेक, बादलों ने उतारी गर्मी

मानसून का असर अब दिखने लगा है। सूर्यदेव भी दिनभर छिप गए। शाम को जरूर दर्शन हुए लेकिन तब तक बादलों ने चारों ओर डेरा जमा लिया था। पांच दिनों में ऐसे बदला शहर का मौसम, प्रमुख तहसील में हुई वर्षा, गरज-चमक, मोबाइल से बचें।
एक झटके पर उतर गई गर्मी, पारा 30.8 डिग्री
दिन में चली ठंडी हवा, सुबह हुई रिमझिम वर्षा
गरज-चमक के साथ अब होगी वर्षा
बिलासपुर। भीषण गर्मी के बाद रविवार को सूरज ने ब्रेक ले लिया। बादल मानों टेंपरेरी बॉस की भूमिका में थे। पहले ही दिन बादलों ने गर्मी उतार दी। पारा 43 डिग्री सेल्सियस से सीधे 30.8 डिग्री सेल्सियस पर लुढक गया। दिन का तापमान सामान्य 7.5 डिग्री कम था। ठंडी हवाएं चली। मौसम खुशनुमा बन गया। प्रकृति में चारों ओर बादलों की सफेदी नजर आई।
मौसम विभाग की मानें तो यह सिलसिला अभी एक सप्ताह तक बना रहेगा। मानसून का असर अब दिखने लगा है। रविवार को मौसम में जबरदस्त बदलाव महसूस हुआ। शनि की रात से अंचल में वर्षा का सिलसिला शुरू हुआ जो रवि की सुबह तक जारी रहा। कहीं हल्की तो कहीं रिमझिम। सूर्यदेव भी दिनभर छिप गए। शाम को जरूर दर्शन हुए लेकिन तब तक बादलों ने चारों ओर डेरा जमा लिया था।
जून का प्रथम पखवाड़ा बेहद गर्म रहा। इस बीच दो दिन वर्षा रिकार्ड किया गया लेकिन उससे कोई फायदा नहीं हुआ। उल्टा उमस बढ़ गई। अब चूंकि बादल घिर आने ठंडी हवा चलने से लोगों को काफी राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञ मान रहे हैं कि यह सिलसिला अभी जारी रह सकता है। मानसून के दस्तक के साथ जोरदार वर्षा होगी।
इधर मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा चंद्रपुर, बीजापुर, सुकमा है। मानसून को आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है, अगले चार-पांच दिनों में प्रदेश और हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की संभावना है।
गरज-चमक के साथ अब होगी वर्षा
मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक एक पूर्व पश्चिम द्रोणिका बिहार से मेघालय तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में 17 जून को कुछ स्थानों पर (25% से 50% स्थानों पर) स्थानों पर हल्की वर्षा होने या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की भी संभावना है। सोमवार के बाद अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना बन रही है। वर्षा की गतिविधि में वृद्धि होगी।
पांच दिनों में ऐसे बदला शहर का मौसम
तिथि अधिकतम न्यूनतम वर्षा (मिमी) 16 जून 30.8 24.8 12.5 15 जून 43 28.8 00 14 जून 37.2 29.4 00 13 जून 41.6 25 00 12 जून 43 29.8 16
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम बिलासपुर 30.8 24.8 पेंड्रारोड 40.2 25 अंबिकापुर 32.6 24.7 माना 38.3 28.2 जगदलपुर 35.2 23.6
मौसमवाणी
ऐसा रहेगा आगे दिन मौसम वर्षा का अनुमान सोमवार बादल छाए रहेंगे 50% मंगलवा काले बादल दिखेंगे 75% बुधवार काले बादल दिखेंगे 75%
प्रमुख तहसील में हुई वर्षा
तहसील वर्षा मिमी सीपत 23.7 बोदरी 16.3 कोटा 15.2 रतनपुर 15.2 बिलासपुर 12.5
गरज-चमक, मोबाइल से बचें
मानसून से पहले गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं सामान्य होती हैं, परंतु ये खतरनाक भी हो सकती हैं। जब भी आसमान में काले बादल घिरे और गरजने की आवाज़ सुनाई दे, तो सावधान रहें। खुले मैदान, ऊंचे पेड़, और बिजली के खंभों से दूर रहें। घर के अंदर ही रहें और खिड़कियां-दरवाजे बंद रखें। बिजली गिरने के समय इलेक्ट्रानिक उपकरणों का उपयोग न करें और धातु की वस्तुओं से बचें। बिजली गिरने से बचने के लिए मोबाइल फोन का उपयोग कम से कम करें।