बिलासपुर में बदला मौसम, गर्मी और उमस ने बढ़ाई बेचैनी

बारिश थमने के बाद चुभने लगी धूप, एक-दो दिन बाद हो सकती है बारिश
अच्छी बारिश की वजह से खेतों में रोपाई का काम अब अंतिम दौर पर है
बिलासपुर। बिलासपुर में सावन में पहली बार गर्मी का एहसास हुआ। सोमवार को धूप निकलने के बाद अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जिससे लोग गर्मी और उमस से हलकान होते रहे। मौसम विभाग ने इस बदलाव का संकेत पहले ही दे दिए थे। हालांकि, अब फिर से एक-दो दिन बाद बारिश लौटने की संभावना जताई जा रही है।
दरअसल, जिले में लगातार बारिश का दौर पिछले तीन दिनों से थम गया है। रविवार को भी धूप के साथ बदली छाई रही। हालांकि, शाम को हुई बारिश से राहत मिली। लेकिन, इससे उमस बढ़ गई। सोमवार को सावन के बीच गर्मी का एहसास हुआ।
धूप की चूभन व उमस ने किया बेहाल
दिन में धूप की चूभन महसूस होने लगी। वहीं, चिपचिपी गर्मी व उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। स्थिति यह रही कि दिन और रात का तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।
एक-दो दिन में फिर लौटेगी बरसात
मौसम के इस अचानक बदलाव पर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, मौसम विभाग ने एक-दो दिन में वर्षा की संभावना जताई है, जिससे थोड़ी राहत की उम्मीद जगी है। उम्मीद की जा रही है कि, वर्षा के साथ मौसम में सुधार होगा और शहरवासियों को ठंडी और सुखद शाम का आनंद मिल सकेगा।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर बीकानेर, दिल्ली, आगरा, ग्वालियर, डाल्टनगंज, दीघा और उसके बाद पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश से बांग्लादेश तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण झारखंड और उसके आसपास 5.8 किमी ऊंचाई पर स्थित है। इसके प्रभाव से बिलासपुर सहित प्रदेश में 13 अगस्त को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ वज्रपात होने तथा भारी वर्षा होने की आशंका है।