इंद्रदेव ने बदला स्क्रिप्ट मौसम में आएगा नया सीन

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना है। दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, सोमवार से तापमान में हल्की वृद्धि की संभावना है, लेकिन 26 जून के बाद मौसम का मिजाज एकदम से बदल जाएगा।
दिन का तापमान सामान्य से 5.3 डिग्री कम
आज-कल राहत,फिर झमाझम बरसेंगे मेघ
बिलासपुर। न्यायधानी में शनिवार रात हुई 31.5 मिलीमीटर वर्षा के बाद से मौसम में बदलाव साफ दिखाई दे रहा है। रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। दोपहर को हल्की रिमझिम फुहारें भी चली, जिससे मौसम और भी सुहाना हो गया। लोगों को ठंडक का एहसास हुआ। इस बीच मानों इंद्रदेव ने नया स्क्रिप्ट लिखा हो, जिसके मुताबिक दो दिन बाद मौसम का नया सीन नजर आएगा।
मौसम विभाग ने बताया कि 26 जून के बाद से क्षेत्र में मूसलाधार वर्षा की प्रबल संभावना है, जिससे जलस्तर में वृद्धि हो सकती है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रदेशभर में मानसून सक्रिय
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दक्षिण पश्चिम मानसून प्रदेशभर में सक्रिय हो गया। इधर एक उत्तर दक्षिण द्रोणिका दक्षिण राजस्थान से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर 1.5 किलोमीटर से 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका दक्षिण छत्तीसगढ़ से तटीय महाराष्ट्र तक 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। जिसके प्रभाव से वर्षा की गतिविधियों में आने वाले दिनों में तेजी आएगी।
आज भी हल्की वर्षा का अनुमान
मौसम वेधशाला के मौसम विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक प्रदेश में 24 जून को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने व वज्रपात होने की भी संभावना है। अधिकतम तापमान में वृद्धि संभावित है।
26 जून से वर्षा की गतिविधियां तेज
प्रदेश में वर्षा की गतिविधि में 26 जून से वृद्धि होने की संभावना है 27 और 28 जून को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इस अवधि में एक दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्य रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ यानी बस्तर संभाग रह सकता है।
प्रमुख शहरों का तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
बिलासपुर 31.4 24.9
पेंड्रारोड 33.6 24
अंबिकापुर 34.9 25.3
माना 31.1 26.6
जगदलपुर 31.6 23.4